डीएम ने राजकीय अम्बेदकर 10+2 अनुसूचित जाति आवासीय बालिका विद्यालय, गायघाट, पटना का किया निरीक्षण… 

समाहरणालय, पटना
(जन-सम्पर्क शाखा)
=============
प्रे.वि.सं. 366
—————-
डीएम ने राजकीय अम्बेदकर 10+2 अनुसूचित जाति आवासीय बालिका विद्यालय, गायघाट, पटना का किया निरीक्षण
——————————————–
डीएम ने कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाईब्रेरी का भ्रमण किया; बालिकाओं से फीडबैक लिया; जीव विज्ञान, कला एवं रसायन की कक्षा में बच्चों से उनके अध्ययन में बारे में जानकारी ली
——————————————–
विद्यालय की व्यवस्था बहुत अच्छी; बालिकाओं का बौद्धिक स्तर उत्कृष्टः डीएम
 ————————————–
खेल के मैदान एवं ओपेन जिम के लिए प्रस्ताव उपस्थापित करने का डीएम ने दिया निदेश
—————————————
डीएम ने विद्यार्थियों को दी एक अच्छा नागरिक बनने की सीख, अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ीः डीएम
—————————————–
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताः डीएम
——————————————-
पटना, शनिवार, दिनांक 20 मई, 2023ः जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने कहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्तम शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। वे आज राजकीय अम्बेदकर 10+2 अनुसूचित जाति आवासीय बालिका विद्यालय, गायघाट, पटना का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों, सहित सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) को उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल के प्रति सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहना होगा।
निरीक्षण की शुरूआत में जिला कल्याण पदाधिकारी, पटना  राणा वैद्यनाथ प्रसाद सिंह द्वारा डीएम डॉ. सिंह को विद्यालय के संचालन एवं शैक्षणिक स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डीएम डॉ. सिंह ने राजकीय अम्बेदकर 10+2 अनुसूचित जाति आवासीय बालिका विद्यालय में कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाईब्रेरी एवं विभिन्न कक्षों का भ्रमण किया। उन्होंने कक्षा में छात्राओं से उनके विषयों के बारे में जानकारी ली, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में पूछा तथा उनके उद्देश्यों से रू-ब-रू हुए। स्मार्ट क्लास में 12वीं विज्ञान के बच्चियों को हृदय अध्याय के बारे में बताया जा रहा था। डीएम ने बालिकाओं से हृदय की संरचना एवं कार्य के बारे में पूछा। बालिकाओं ने सभी प्रश्नों का उत्तर आसानी से बता दिया। लैब में 10वीं कक्षा की बच्चियाँ चार ग्रुप में रसायन, भौतिकी तथा जीव-विज्ञान का प्रयोग कर रहीं थी। डीएम डॉ. सिंह द्वारा मैग्नीशियम, हाइड्रोक्लोरिक अम्ल,  प्रतिबिम्ब, लिटमस टेस्ट इत्यादि के बारे  में पूछा गया। सभी प्रश्नों का विद्यार्थियों ने सहजता से उत्तर दे दिया। डिजिटल लाईब्रेरी में 11वीं कला की बच्चियाँ भूगोल का अध्ययन कर रहीं थीं। डीएम ने बालिकाओं से मानचित्र के बारे में पूछा। बच्चियों ने तेजी से सभी का उत्तर दे दिया। एसेम्बली हॉल में कक्षा पाँच की बच्ची ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों में विधिवत रूप से सुनाया।
डीएम डॉ. सिंह ने देखा कि सभी बालिका अच्छी तरह से विद्यालय के लिए निर्धारित ड्रेस में है। विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति बहुत ही अच्छी है। उन्होंने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है। हम सबको स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा, जीव-जंतुओं के प्रति दया तथा समाज में लोगों को अच्छे कामों के प्रति प्रेरित करने की भावना रहनी चाहिए। डीएम ने छात्राओं को एक अच्छा नागरिक बनने की सीख देते हुए सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यालय शेरशाह रोड, गायघाट में बिहार सरकार द्वारा निर्मित भवन में संचालित है। विद्यालय के भवन की स्थिति बहुत अच्छी है। रंग-रोगन तथा साफ-सफाई  उत्कृष्ट कोटि की है। स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, कक्षाओं, छात्रावास, रसोईघर इत्यादि के निरीक्षण में व्यवस्था काफी अच्छी पायी गई। विद्यालय में जीविका द्वारा सम्पोषित सामुदायिक संगठन से संचालित दीदी की रसोई द्वारा मेस का संचालन किया जा रहा है। मेन्यू के अनुसार छात्राओं को पौष्टिक खाना दिया जाता है।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि बच्चियों द्वारा खेल के मैदान एवं ओपेन जिम की मांग की गई है। मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा जिला कल्याण पदाधिकारी को दोनों बिन्दुओं पर प्रस्ताव उपस्थापित करने का निदेश दिया गया। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यालय के बगल में परिवहन विभाग की लगभग दो एकड़ खाली भूमि है। जिला कल्याण पदाधिकारी इसके हस्तांतरण हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने के लिए तुरत अधियाचना भेजेंगे। साथ ही विद्यालय में उपयुक्त स्थानों पर ओपेन जिम की स्थापना हेतु अपेक्षित कार्य करेंगे।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यालय में शिक्षक एवं कर्मियों की कमी है। स्वीकृत बल के विरूद्ध लगभग 50 प्रतिशत ही कार्यरत हैं। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से यथाशीघ्र बहाली हेतु अनुरोध करने का निदेश दिया।
डीएम डॉ. सिंह द्वारा विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुदृढ़ रखने का निदेश दिया गया। उन्होंने द्वार के समीप से अतिक्रमण हटाने का निदेश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी इसका अनुश्रवण करेंगे।
डीएम डॉ. सिंह द्वारा विद्यालय के संचालन, शैक्षणिक माहौल, स्वच्छता एवं प्रबंधन पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे जारी रखने के लिये प्रोत्साहित किया गया।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकता के अनुरूप सभी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उनके सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करने के लिए प्रशासन सतत प्रयत्नशील है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ जिला कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य उपस्थित थे।
डीपीआरओ, पटना