बिहार के 3 दिवसीय दौरे पर पटना पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कृषि रोड मैप के चौथे संस्करण का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच गई हैं। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। द्रौपदी मुर्मू ने गांधी मैदान के पास बापू सभागार में बिहार के कृषि रोड मैप (2023-2028) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। वहीं कृषि उत्पादन और किसानों की आय में सुधार के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर 2007 में राज्य का पहला कृषि रोड मैप शुरू किया गया था।

राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह बिहार की पहली यात्रा

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति बिहार के दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स-पटना) में दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह राज्य की उनकी पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति के बिहार दौरे से पहले सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और अन्य कैबिनेट सहयोगी भी बिहार के कृषि रोड मैप के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए..

राष्ट्रपति 19 अक्टूबर को मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। उसी दिन वह राजभवन में बिहार के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। शाम को राष्ट्रपति पटना में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति 20 अक्टूबर को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। बुधवार को कृषि रोड मैप कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति का गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना साहिब में तख्त श्री हरिमंदिर साहिब जाने का कार्यक्रम है।

बिहार में चौथे कृषि रोड मैप 2023 की शुरुआत हो गई है। पटना के बापू सभागार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसका शुभारंभ किया..इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैं राष्ट्रपति पद से हटने के बाद अपने गांव जाकर खेती करूंगी।

प्रेसिडेंटशीप छोड़ने के बाद अपने गांव जाकर खेती करूंगी

मुख्यमंत्री नीतीश ने राष्ट्रपति से हर 4 महीने में बिहार आने का आग्रह किया था। इस पर उन्होंने कहा कि बिहार भी मेरा राज्य है। यहां कभी मेरे पूर्वज रहते थे। मैं किसान की बेटी हूं। कृषि रोडमैप की सारी जानकारी मुझे लेनी है। प्रेसिडेंटशीप छोड़ने के बाद अपने गांव जाकर खेती करूंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने बिहार के राज्यपाल से कहा कि- राज्यपाल महोदय तो इधर-उधर घूमते ही रहते हैं, राजपाल महोदय को भी कहेंगे जो कृषि रोड मैप है। आपसे भी आग्रह करेंगे जगह-जगह जाकर के कृषि रोड मैप का काम हो रहा है कि नहीं महामहिम राज्यपाल महोदय आप देखिएगा कोई दिक्कत होगा तो आप विभाग को बता दीजिएगा। उसके बाद राज्यपाल ने कहा कि – हम यही चाहते हैं कि यहां का किसान राजा बने।

 राज्यपाल अर्लेकर ने नीतीश सरकार को सलाह देते हुए कहा कि – जब तक किसान जागरूक नहीं होंगे, किसानों तक बात नहीं पहुंचेगी तो सारी योजना कागज पर ही रह जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को आम लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।