जनता कर्फ्यू LIVE : बिहार और बिहारियों का भी पुरजोर समर्थन

दुनिया के करीब 186 देशों में कोरोना के संक्रमण के साथ भारत में स्थिति भयावह होती जा रही है। देश की स्थिति और न बिगड़े इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता कर्फ्यू लगाने का आग्रह किया है। सुबह सात बजे से देश एकदम शांत हो गया है। जनता कर्फ्यू के जरिये कोरोना वायरस से यह भारत की सबसे बड़ी जंग है। शहर-शहर में सिर्फ सन्नाटा है, और लोग अपने घरों में बंद होकर जनता कर्फ्यू का पुरजोर समर्थन कर रहे हैं। देश में इस कर्फ्यू का असर सुबह सात बजे से रात के नौ बजे तक रहेगा। जनता कर्फ्यू का मकसद अपने आप को सुरक्षित रखना है, और देश में बढ़ रहे संक्रमण पर लगाम लगाना है।

LIVE UPDATE :-

गांधी सेतु और पीपा पुल शांत

जनता कर्फ्यू का बिहार में भी खास असर देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना के सबसे व्यस्त रहने वाले चौक चौराहों पर सन्नाटा है। उत्तरी बिहार और दक्षिणी बिहार को जोड़ने वाली पुल और बिहार का लाइफलाइन कहा जाने वाला महात्मा गांधी सेतु पर भी सन्नाटा है। वहीं पीपा पुल भी शांत है।

ऐसे करें जनता कर्फ्यू का समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कहा था कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़कर अन्य सभी लोग जनता कर्फ्यू के दिन सुबह 7 से लेकर रात 9 बजे तक घरों से बाहर न निकलने का संकल्प लें। साथ ही रविवार को ही शाम पांच बजे घरों के सामने या बालकनी में खड़े होकर डॉक्टर, मीडिया और होम डिलीवरी करने वाले कर्मियों के लिए पांच मिनट तक ताली या थाली बजाकर सैल्यूट करें। रविवार को रेलवे ने भी सभी यात्री ट्रेनों को बंद रखने का ऐलान किया है।

जनता कर्फ्यू क्यों ?

दरअसल जनता कर्फ्यू का मकसद तेजी फैल रहे कोरोना वायरस की कड़ी को तोड़ना है। हम अपने घरों में14 घंटे रहकर कोरोना वायरस की एक बड़ी कड़ी तोड़ सकते हैं। कोरोना वायरस को हम इस उदाहरण से समझ सकते हैं। जैसे परमाणु बम चेन रिएक्शन से एक्टिवेट होता है वैसे ही कोरोना भी चेन बनाकर दुनिया को जकड़ रहा है।

इनपुट : मुकेश कुमार