चिराग पासवान को मिल सकता हैं राजद का साथ, राजद और लोजपा (रामविलास) के बीच घंटों हुआ संवाद।

बिहार में सिर्फ गर्मी का पारा ही नही बढ़ रहा है। बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी गर्मी बढ़ती नजर आ रही है।राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम रजक और लोजपा ( रामविलास) के नेता चिराग पासवान के बीच सोमवार को मुलाकात हुई। इस मुलाकात ने राजनीतिक गर्मी को और बढ़ा दिया। इसके साथ ही एलजेपी (रामविलास) और राजद के इस बैठक के बाद दोनों पार्टियों के साथ आने के अनुमान भी लगाए जाने लगे हैं। राजद और लोजपा (रामविलास ) की नजदीकियां औपचारिक तौर पर बढ़ने लगी हैं। इस दौरान दोनों नेताओं ने खुल कर सियासत में साथ आने के संकेत दिये हैं।

क्या था मुलाकात का कारण?

दोनों नेताओं की मुलाकात की पृष्ठभूमि नयी दिल्ली में दिवंगत नेता राम विलास पासवान के बंगले को खाली कराने के बाद उभरे विवाद को लेकर थी। दोनो नेताओं के बीच यह मुलाकात सांसद चिराग पासवान के श्रीकृष्णापुरी स्थित निजी आवास पर हुई। चाय पर हुई मुलाकात के दौरान श्याम रजक और चिराग पासवान के बीच लंबा संवाद हुआ। श्याम रजक ने बताया कि हमारी चिराग पासवान से मुलाकात हुई है। हम लोग मनुवादी ताकतों से लड़ने के लिए साथ आ सकते हैं।

एक नए विवाद में उलझे चिराग

बता दें कि चिराग पासवान से जुड़ा एक नया विवाद अब चर्चे में है। केंद्र सरकार ने दिवंगत नेता रामविलास पासवान के नाम पर आवंटित दिल्ली के सरकारी बंगले को खाली करा लिया। बंगला खाली कराने के लिए टीम भेजी गयी। चिराग ने इस मुद्दे को लेकर सवाल भी खड़े किये। बंगला खाली कराने के तरीके पर उन्होंने सवाल खड़े किये। इस बीच अब उनके भाई प्रिंस राज ने चिराग पर हमला बोला है।

प्रिंस राज ने बंगले मुद्दे को लेकर चिराग पर ही लगा डाले आरोप।

प्रिंस राज ने बंगले मुद्दे को लेकर चिराग पर आरोप लगाया और इसे स्टंट बताया है। चिराग पासवान ने बताया कि उनके पास अब कोई ठिकाना फिलहाल अपना नहीं है। जहां वो ठहर सकें तो इसपर प्रिंस राज ने उन्हें घेरा और सवाल किया कि नार्थ एवेन्यू में 23 नंबर फ्लैट किसका है वो चिराग बता दें और कौन उसमें 2019 से रह रहा है। प्रिंस राज ने उन्हें हिटलर तक कह दिया।

बंगला विवाद पर क्या बोले तेजस्वी?

इधर बंगला विवाद को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी थी। तेजस्वी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि इनके नेताओं ने रामविलास पासवान के निधन के बाद लोजपा को तोड़ा और परिवार में भी फूट डाल दी। वहीं चिराग के बारे में बताया कि चुनाव के दौरान वो नरेंद्र मोदी को राम और खुद को उनका हनुमान बताते फिरते थे। अब भाजपा क्या-क्या कर रही है उनके साथ, वो सबको मालूम हो गया है।