भाजपा का आर जे डी पर तंज, जो बालासाहेब की शिवसेना को पसंद नही करते थे वो हरे झंडे में भगवा रंग जोड़कर जनता को क्या संदेश दे रहे है ?

बिहार के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे के साथ पटना में बैठक करने पर निशाना साधा, जिसमें प्रदेश के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी शामिल थे। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार महागठबंधन के सदस्य सत्ता के लिए किसी से भी दोस्ती कर सकते हैं।

 बालासाहेब की शिवसेना से एक हाथ की दूरी बनाकर रहते बाले लोग आज  साथ -साथ …

शाहनवाज हुसैन ने राजद प्रमुख लालू यादव पर भी तंज कसते हुए कहा, ‘जो लोग बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना से एक हाथ की दूरी पर रहते थे, वे अब उनसे दोस्ती कर रहे हैं। बिहार के लोग देख रहे हैं कि कैसे महागठबंधन के सदस्य सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।’ उन्‍होंने कहा कि लालू यादव ने शिवसेना को कभी पसंद नहीं किया। वे वर्षों से बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का विरोध कर रहे हैं, लेकिन आज दोस्त बन गए हैं। बिहार के लोग अब देख सकते हैं कि राजद सत्ता के लिए शिवसेना से भी हाथ मिला सकती है।

लालू यादव अपने हरे झंडे में भगवा रंग जोड़कर जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं?

भाजपा प्रवक्‍ता ने कहा, ‘राजद को बताना होगा कि लालू यादव अपने हरे झंडे में भगवा रंग जोड़कर क्या संदेश देना चाहते हैं। पहले लालू यादव कहते थे कि वह भाजपा और शिवसेना से कभी समझौता नहीं करेंगे। फिर अब उनके भाजपा और शिवसेना को लेकर विचार कैसे बदल गए? बिहार की जनता को लालू यादव को यह बताना होगा।

 शिवसेना के लिए चुनाव प्रचार रथ पर सवार हो सकते है तेजस्वी…..

ठाकरे गुट इस समय महाराष्ट्र की सत्ता गंवाने और शिव सेना में विभाजन के बाद अपना आधार मजबूत करने में जुटा है। इस बीच उद्धव ठाकरे बिहार के दौरे पर पहली बार पहुंचे। उन्‍होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। आदित्य ने तेजस्वी यादव को महाराष्ट्र आने का न्यौता दिया। माना जा रहा है कि आगामी बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव में तेजस्वी यादव शिवसेना (उद्धव गुट) के लिए प्रचार करने के लिए उतर सकते हैं? हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अगर ऐसा होता है, तो शिंदे गुट और भाजपा को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।