DMK सांसद ए राजा ने फिर दिया विवादित बयान, भारत को देश नहीं मानता, ये उपमहाद्वीप, देश का मतलब एक भाषा, एक संस्कृति होता है

DMK सांसद ए राजा ने भारत को एक देश मानने से इनकार किया है। 5 मार्च को उन्होंने कहा कि भारत कभी देश था ही नहीं। एक देश का मतलब होता है, एक भाषा, एक संस्कृति और एक परंपरा। तब उसे देश कहा जाता है। ए राजा ने 3 मार्च को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बर्थडे पर कोयम्बटूर में हुई एक सभा में ये बयान दिया।

भारत एक देश नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप

ए राजा ने कहा, “भारत एक उपमहाद्वीप है। कारण क्या है? यहां कई परंपराएं और संस्कृतियां हैं। तमिलनाडु में एक भाषा-एक संस्कृति हैं। यह एक देश है। मलयालम एक भाषा है, उनका एक राष्ट्र है। ओडिशा एक देश है, वहां एक भाषा है। केरल में अलग, दिल्ली में अलग भाषा और संस्कृति है। ये सारे देश मिलकर भारत को बनाते हैं। इसलिए भारत एक देश नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप है।”

DMK सांसद ने कहा, “वाटर टैंक से पानी किचन में भी आता है और टॉयलेट में भी। किचन में हम वो पानी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन टॉयलेट से लाकर वो पानी किचन में इस्तेमाल नहीं करते। क्या वजह है? हमें मनोवैज्ञानिक समस्या है। पानी एक ही है, पर अंतर पैदा कर देता है, ये बात कि ये कहां से आ रही है। हम जानते हैं कि ये किचन है और ये टॉयलेट है।”

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि DMK नेता बोलते हैं कि हम ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इससे सहमत हैं? क्या DMK अन्य धर्मों के देवताओं के खिलाफ ऐसी अपमानजनक टिप्पणियों का इस्तेमाल करेगी?