ललन सिंह ने ट्वीट से BJP पर निशाना साधते हुए कहा: विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों को पालतू तोते की तरह इस्तमाल कर रही BJP….

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने जांच एजेंसियों को भाजपा का पालतू तोता करार दिया है। शराब घोटाला मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा समन जारी करने पर ललन सिंह ने कहा कि भाजपा को 81 हजार करोड़ का कॉरपोरेट घोटाला दिखाई नहीं देता है।

ललन सिंह ने ट्वीट के जरए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार द्वारा विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के विरूद्ध अपने पालतू तोतों का दुरुपयोग बदस्तूर जारी है। अभी 11-12 अप्रैल को दिल्ली में विपक्षी एकता के लिए सकारात्मक पहल होते ही भाजपा तिलमिला गई है।

जदयू अध्यक्ष ने कहा कि भाजपाई सरकार के दिलों-दिमाग में बदले की भावना भड़क उठी है। इसलिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई का नोटिस मिल गया।  उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर आबकारी नीति मामले में अदालत को झूठे सबूतों से गुमराह करने का आरोप लगाया है।

ललन सिंह ने कहा कि देश पूरी तरह से अधिनायकवाद की ओर बढ़ रहा। सारी संस्थाओं को खत्म किया जा रहा। सरकारी संस्थाओं का उपयोग राजनीति के लिए किया जा रहा और विरोधी पार्टियों को लपेटा जा रहा। लोग अगर नहीं जागे तो केंद्र की सरकार चला रहे लोग देश को पाकेट मे रख लेंगे और नया संविधान लाएंगे। वर्ष 2024 के चुनाव में देश भाजपा मुक्त होगा।