बिहार में चला DGP का डंडा, एक दर्जन से अधिक थानेदारों के साथ 18 पुलिस पदाधिकारियों का जोन से ही बाहर तबादला, जानिए

बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आलोचनाओं के बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने पटना, भोजपुर, सासाराम, सारन और औरंगाबाद समेत कई जिलों के एक दर्जन से अधिक थानेदारों के के साथ 18 पुलिस पदाधिकारियों का भी तबादला कर दिया है। सबसे महत्वपूर्ण बात कि थानाध्यक्षों को उनके जिले से ही नहीं, बल्कि जोन से ही बाहर का रास्ता दिखाया गया है। हालांकि पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से तबादले का कारण बताया है। मगर तबादले की जो सूची है, उसे देखकर यह लग रहा है कि उन्हीं थानेदारों का तबादला किया गया है जो बालू घाटों वाले क्षेत्र से आते हैं।

ऐसे में यह माना जा रहा है कि बालू माफिया से सांठगांठ के आरोप में मुख्यालय स्तर से इन सभी पर कार्रवाई हुई है।

हालांकि जब इस तबादले को लेकर DGP एस के सिंघल से बात की गई तब उन्होंने इसे अति संवेदनशील मामला बताते हुए मीडिया को अधिक जानकारी देने से मना कर दिया।

किस थानेदार का कहां तबादला

तबादले की जारी सूची के मुताबिक भोजपुर के सात, पटना के तीन औरंगाबाद के दो और सारण के एक थानेदार शामिल हैं। पटना से जिन थानेदारों का तबादला किया गया है उनमें पालीगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार को सहरसा, बिहटा थाना प्रभारी अवधेश कुमार झा को पूर्णिया और रानी तालाब थाना प्रभारी सतीश सिंह को बेतिया भेज दिया गया है। वहीं सारण में पदस्थापित संजय प्रसाद को मुंगेर, दिनेश कुमार दास को दरभंगा, अशोक कुमार को मुंगेर और रामपुकार राम को बेतिया स्थानांतरित किया गया है।

सहार के दारोगा आनंद सिंह को मुजफ्फरपुर भेजा

इसी तरह औरंगाबाद के वारुण थानाध्यक्ष राजकुमार का तबादला दरभंगा और दाउदनगर थानाध्यक्ष अरविंद गौतम का तबादला बेगूसराय किया गया है। सबसे ज्यादा तबादले भोजपुर जिले से किए गए हैं. यहां 7 पुलिस पदाधिकारियों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। कोईलवर थानाध्यक्ष कुंवर प्रसाद गुप्ता को बेगूसराय, संदेश थानाध्यक्ष पंकज कुमार को पूर्वीय क्षेत्र भागलपुर, अजीमाबाद थानाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह को मुज्जफरपुर और चांदी थाना अध्यक्ष विजेंद्र प्रताप सिंह को कोसी क्षेत्र के सहरसा में स्थानांतरित किया गया है। बरहरा के दीप नारायण सिंह को बेगूसराय क्षेत्र और सहार के दारोगा आनंद सिंह को मुजफ्फरपुर स्थानांतरित किया गया है।