मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला, 20 पुलिसकर्मी घायल, एक शख्स की मौत

मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान असमाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान असामजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव किया, जिसमें एक थानेदार का सिर फट गया है, वहीं 20 पुलिसकर्मी घायल हो गयेय हैं। इस पूरे वारदात में एक शख्स की मौत हो गयी है, और 6 लोग घायल हो गये हैं।

कैंप कर रही है पुलिस

घटना दीनदयाल उपाध्याय चौक के पास की है, जहां न केवल पुलिस पर पत्थर बरसाये गये बल्कि पुलिस पर फायरिंग भी की। मौके पर तीन हथियार, गोलियां और खोखा भी बरामद किया गया है. घटना के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच कर कैंप कर रहे हैं। पूरे इलाके में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। दोषियों की पहचान की जा रही है।

अफवाहों पर नहीं दें ध्यान

मुंगेर की एसपी लिपि सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान अप्रिय घटना हुई है। असमाजिक तत्वों ने रोड़ेबाजी की है। इसमें करीब 20 जवान घायल हुए हैं और एक थाना प्रभारी का सिर फटा है। इसके बाद भीड़ की ओर से फायरिंग की गई। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है और 6 लोग घायल हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति अभी कंट्रोल में है। किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान न दें। डीएम ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि शहर के लोग प्रशासन की मदद करें। शांति बनाए रखें।

कौन-कौन पुलिसकर्मी हैं घायल

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गई है। पुलिस पर हुए हमले में संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, कोतवाली थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, कासिम बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, बासुदेवपुर ओपी अध्यक्ष सुशील कुमार समेत 20 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं.