साल का आखिरी सूर्य ग्रहण आज, भारत में नहीं दिखेगा आज लगने वाला सूर्य ग्रहण, जानें कब से होगा शुरू और कहां-कहां दिखेगा

साल का आखिरी सूर्यग्रहण आज लग रहा है। यह सूर्य ग्रहण भारतीय समयानुसार रात 8 बजकर 34 मिनट से मध्य रात्रि 2 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। यह सूर्य ग्रहण वलयाकार में होगा। जिसमें सूर्य एक अंगूठी यानी रिंग के आकार में नजर आएगा। जिस कारण से रिंग ऑफ फायर कहा जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह सूर्य ग्रहण आश्विन माह की सर्वपितृ अमावस्या तिथि पर लगेगा।

भारत में नहीं दिखाई देगा सूर्य ग्रहण

आज लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा, लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में इस सूर्य ग्रहण को देखा जा सकेगा। इस सूर्य ग्रहण को नासा की वेबसाइट समेत कई अन्य जगहों पर लाइव कवरेज देखा जा सकता है। नासा अपने यूट्यूब चैनल पर सूर्य ग्रहण की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा।

हिंदी पंचांग के अनुसार सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या तिथि पर ,जबकि चंद्र ग्रहण पूर्णिमा तिथि पर होता है। वहीं खगोलशास्त्र के अनुसार सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है, इस दौरान चंद्रमा की छाया पृथ्वी पर पड़ती है।

सूर्य ग्रहण के लगने से 12 घंटे पहले से सूतक काल प्रभावी

सूर्य ग्रहण के लगने से 12 घंटे पहले से सूतक काल प्रभावी हो जाता है। शास्त्रों में सूतक काल को अच्छा नहीं माना जाता है। इस दौरान किसी भी तरह का कोई भी शुभ कार्य करना वर्जित माना जाता है। सूर्यग्रहण के दौरान मंदिरों के दरवाजे बंद कर दिया जाता है। सिर्फ मंत्रों का जाप किया जाता है। भारत में इस ग्रहण का सूतक नहीं रहने के कारण धर्म-कर्म करने में किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं रहेगी

सूर्य ग्रहण के अगले दिन ही शारदीय नवरात्रि शुरू

इस बार सूर्य ग्रहण के अगले दिन ही शारदीय नवरात्रि शुरू हो रहे हैं और शनि का नक्षत्र परिवर्तन भी होगा। 15 अक्तूबर 2023 को शनि धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।