बिहार कांग्रेस में हो सकता है बड़ा बदलाव, अध्यक्ष सहित कार्यकारी अध्यक्ष के बदलाव की उठ रही खबर।

बिहार कांग्रेस पार्टी में आने वाले समय में बड़ा फेरबदल हो सकता है। बिहार के कांग्रेस अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों में बदलाव किया जा सकता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और बिहार से विधायक शकील अहमद खान ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। इस संबंध में उन्होंने आलाकमान से मांग की है कि बिहार कांग्रेस के संगठन में फेरबदल किया जाए ताकि पार्टी को मजबूत बनाया जा सके।



शकील अहमद खान ने कहा कि युवाओं के साथ अनुभवी और जमीनी नेताओं को भी संगठन में जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। संगठन में प्राण फूंकने की जरूरत है इसलिए बदलाव होना चाहिए और उम्मीद है यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस आलाकमान बिहार में बड़ा फेरबदल करता दिखेगा। शकील अहमद ने कहा कि बिहार में पार्टी को और भी ताकतवर बनाने की जरूरत है। बिहार में कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन वर्षों तक था जो फिलहाल टूट चुका है, इसको लेकर शकील अहमद खान ने कहा कि कांग्रेस को अब अकेले आगे बढ़ना होगा। उसके लिए संगठन में कई बदलाव करने बेहद जरूरी है। बता दें बिहार में कांग्रेस कमजोर हो चुकी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में आरजेडी के साथ गठबंधन में बड़ी मुश्किलों के बाद भी सिर्फ एक ही सीट जीत पाई थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के साथ गठबंधन में 70 सीटों पर लड़ी थी सिर्फ 19 सीट जीत पाई थी। आरजेडी को आज भी लगता है कि कांग्रेस को इतनी सीटें देकर गलती हुई और कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण बिहार में राजद की सरकार नहीं बन पाई।

बात करे वर्ष 2021 में हुए बिहार विधानसभा की तो उपचुनाव में आरजेडी ने कांग्रेस से गठबंधन तोड़ दिया था। कांग्रेस अकेले लड़ी और दोनों सीटों पर राज्य में चौथे नंबर पर आई थी। अब विधान परिषद चुनाव के लिए 24 सीटों पर वोटिंग होनी है। इसमें भी आरजेडी ने कांग्रेस से गठबंधन नहीं किया है। सभी सीटों पर कांग्रेस अकेले लड़ रही है। अच्छा प्रदर्शन करना उसके लिए बड़ी चुनौती होने वाली है।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा हैं जिनका कार्यकाल लगभग समाप्त हो चुका है। उनके साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष हैं। उनका भी कार्यकाल समाप्त होने के कगार पर हो है। इस दौरान शकील अहमद खान ने मांग कर दी है कि अब संगठन में फेरबदल करने की जरूरत है। नए अध्यक्ष के तौर पर उनका नाम आगे चल रहा है।