
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में बड़े परिवर्तन की ओर इशारा करते हुए कहा कि बिहार में कभी भी मध्यावधि चुनाव हो सकता है। भाजपा और जदयू के बीच बराबर विरोधाभास हो रहा है।भाजपा से अलग होकर जदयू जाति जनगणना को लेकर घूम रही है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्सी के लिए हर हथकंडा अपना रहे है। विधानसभा में भी अध्यक्ष को अंगुली दिखाई जा रही है जो संवैधानिक पद का अपमान है। मुख्यमंत्री बौखलाहट व अहंकार के कारण कुर्सी का ही अपमान करने में लगे है।
उन्होंने कहा कि हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। साथ ही कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू गठबंधन की सरकार में सब कुछ ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। शराबबंदी के बाद भी यहां शराब आसनी से उपलब्ध है। सरकार शराब तस्कर और अपराधियों को संरक्षण दे रही है। विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को अपमानित किया है, जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्य है।
चिराग पासवान पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी गंगासागर यादव उर्फ छत्री यादव के नामांकन उपरांत जिला परिषद परिसर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सरकार में अमीर और अधिक अमीर बनते जा रहे हैं और गरीब और अधिक गरीब बन रहे हैं। अमीर व गरीब की खाई को पाटना होगा।
उन्होंने प्रत्याशी गंगा सागर उर्फ छत्री यादव को जिताने की अपील करते हुए कहा कि बिहारी फस्र्ट के तर्ज पर बिहार का विकास होगा। कोसी इलाका में पहले से ही जनप्रतिनिधि का आर्शीवाद उनकी पार्टी को मिलता रहा है और उनपर मुझे भरोसा है। सभा को पार्टी नेता शंकर झा, शहनवाज अहमद कैफी, ई. बीएन सिंह, संजय पासवान, अशरफ अंसारी, सरिता पासवान, महेंद्र शर्मा सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने संबोधित करते हुए छत्री यादव को जिताने की अपील की।
You must be logged in to post a comment.