बिहार बीजेपी ने राज्यसभा उम्मीदवारों के नामो से हटाया पर्दा, शंभू शरण पटेल और सतीश चंद्र दूबे पर पार्टी ने जताया भरोसा।

भारतीय जनता पार्टी ने इस बार राज्यसभा चुनाव से गोपाल नारायण सिंह का टिकट काट दिया है। इसके साथ ही बीजेपी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम का भी एलान कर दिया है। इसमें पार्टी के द्वारा सतीश चंद्र दूबे को फिर से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया है। वहीं दूसरा उम्मीदवार शंभू शऱण पटेल को बनाया गया है। शंभू शऱण पटेल का नाम पार्टी के कई लोगो के लिए चौंकाने वाला है। राज्यसभा जाने के दावेदारों में दूर-दूर तक कहीं शंभू शरण पटेल का नाम नहीं था।

भारतीय जनता पार्टी ने आज देर शाम बिहार समेत दूसरे राज्यों से राज्यसभा के चुनाव में अपने कुल 16 उम्मीदवारों के नामो से पर्दा हटा दिया। इनमें बिहार से सतीश चंद्र दूबे औऱ शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाने का एलान किया गया है। पार्टी के नेताओं ने बताया कि शंभू शऱण पटेल बिहार बीजेपी के प्रदेश सचिव हैं। पार्टी में न उनका कद बड़ा है और ना ही नाम। वे बीजेपी के पुराने कार्यकर्ता-नेता भी नहीं हैं लेकिन पार्टी ने उनके दृढ़ निश्चय और पार्टी के लिए समर्पण की भावना को देखते हुए शंभू शऱण पटेल को उम्मीदवार बनाने का एलान कर दिया है।

पार्टी ने काटा गोपाल नारायण सिंह का पत्ता।

गोपाल नारायण सिंह लंबे समय से बिहार बीजेपी के दिग्गज नेताओं में शामिल रहे हैं। वे बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। 2016 में तो बीजेपी ने सुशील मोदी की दावेदारी को ठुकरा कर गोपाल नारायण सिंह को राज्यसभा भेज दिया था।लेकिन इस दफे उनका पत्ता साफ हो गया। पार्टी के एक नेता ने बताया कि गोपाल नारायण सिंह की उम्र 70 साल से ज्यादा हो गयी है। इस कारण उनका टिकट काटा गया है। ये पहले ही तय हो चुका है कि 70 साल से ज्यादा उम्र वालों को संसदीय राजनीति से अलग किया जाये।

शंभू शरण पटेल का चयन युवाओं के लिए बड़ा संकेत।

शेखपुरा निवासी शंभूशरण पटेल नाम तय होना बीजेपी का चौंकानेवाला फैसला है। दिनभर इस सीट के लिए पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल का नाम राजनीतिक गलियारे में तैरता रहा लेकिन बाजी शंभू शरण पटेल ने मारी। फिलहाल शंभू शऱण पटेल बिहार बीजेपी के प्रदेश सचिव हैं। पार्टी में न उनका कद बड़ा है और ना ही नाम। प्रदेश सचिव के पूर्व वे भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे हैं। बताया जाता है कि भाजपा से महज कुछ वर्ष पूर्व ही वे जुड़े हैं। उनका राज्यसभा के लिए चयन कर पार्टी ने नए तथा युवा कार्यकर्ताओं में एक संदेश भी देने की कोशिश की है।

कौन हैं शंभू शरण पटेल?
शंभू शरण पटेल बीजेपी काडर के पुराने सदस्य हैं, लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। बिहार बीजेपी के प्रदेश मंत्री हैं। इससे पहले पिछड़ा मोर्चा में महासंयोजक थे। हालांकि इनके नाम की कहीं भी सुगबुगाहट नहीं थी, लेकिन बीजेपी की केंद्रीय टीम ने इन पर भरोसा जताया है। बताया जा रहा है कि शंभू शरण पटेल को बीजेपी ने टिकट देकर एकबार फिर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि भाजपा आम कार्यकर्ताओं को भी संसद पहुंचाती है।