पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह  एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  पर हमलावर….

अपने ही सरकार को कटघरे में खड़ा करने वाले पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह  एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  पर हमलावर हैं। सीएम को शिखंडी कहने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि सुधाकर सिंह ने फिर हमला किया है। सीएम की समाधान यात्रा  को लेकर सुधाकर सिंह ने कहा कि जो सदन में 243 विधायको की बात नहीं सुनते हैं वे क्या समाधान करेंगे।

नीतीश कुमार के समाधान यात्रा के साथ-साथ उनके देश यात्रा पर भी सुधाकर सिंह ने जमकर हमला बोला और कहा कि उन्हें देश घूमने की जरूरत नहीं है। वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक आवेदन दे दें उसी से मान लिया जाएगा की आप महागठबंधन के सहयोगी हैं। राजद नीतीश कुमार को पीएम बनाना चाहती है तो दिक्कत नहीं लेकिन पीएम वही बनेगा जिसे कांग्रेस का समर्थन मिलेगा।

सुधाकर सिंह यही नहीं रुके उन्होंने  उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव द्वारा बीजेपी का एजेंट बताए जाने वाले सवाल पर सुधाकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के एजेंट है वह महागठबंधन के साथ सरकार भले ही चला रहे हैं लेकिन सरकार चलाने की सभी नीति भाजपा की है।
वहीं जेडीयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा द्वारा उठाए जा रहे सवाल कि खरमास के बाद सुधाकर सिंह को राजद पार्टी से बाहर निकाल देगी, इस पर सुधाकर सिंह ने कहा कि जदयू प्रवक्ता नेता के सवाल का जवाब हम नहीं देते हैं।

उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा पार्टी का मुखौटा हैं। मेरा सवाल सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से है। हम मंडी कानून, खाद की कालाबाजारी और किसानों की समस्या को लेकर सवाल करते हैं। मुख्यमंत्री को इसका  जबाव देना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता कुछ भी बोल रहे हो उसका जवाब नहीं देने वाले हैं।