कोरोना की इस त्रासदी में मनोज कुमार सिन्हा ने भी छोड़ा साथ…

भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने बेहद गंभीर रूप लेती जा रही है। मौजूदा स्थिति भयावह होती जा रही है। इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ एंटरप्राइज डेवलपमेंट के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिन्हा की कोरोना से मौत हो गयी है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद उन्हें पटना के एक निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। बीती रात 1 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी मौत के बाद व्यापार जगह में शोक का माहौल बन गया है। गौरतलब है कि मनोज कुमार का सीआईआई इनोवेशन, उद्यमिता टास्क फोर्स, बिहार एवं बी आई ए, से भी जुडाव रहा है।

सीआईआई बिहार राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने जताया शोक

सीआईआई बिहार राज्य परिषद के अध्यक्ष, नरेंद्र कुमार ने मनोज कुमार सिन्हा के कोरोना संक्रमण से हुई मौत पर शोक और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मनोज सिन्हा, एक कुशल प्रशासक थे, उनके निधन से उद्योग जगत एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

नरेंद्र कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। साथही कहा कि इस दुःख की इस घड़ी में समस्त सीआईआई परिवार उनके साथ खड़ा है।

वहीं सीआईआई बिहार राज्य परिषद के उपाध्यक्ष सचिन चंद्र ने कहा है कि मनोज कुमार सिन्हा के निधन के समाचार से मन व्यथित है। बिहार के उद्यमी और उम्दा व्यक्तित्व के धनी श्री मनोज कुमार सिन्हा जी के कोरोना संक्रमण के चलते मृत्यु की खबर अकल्पनीय है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवार को इस दुःख की घड़ी को सहने की शक्ति दे।