महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को तीन की मौत, प्रदेश में 26 नए संक्रमित मिले; 1000 के बेड वाले क्रूज ‘जलेश’ को बनाया जाएगा क्वारैंटाइन सेंटर

देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और इससे सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को संक्रमण के चलते तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 69 और 60 साल की दो महिलाएं और 52 साल का एक व्यक्ति है। इसमें दो को डायबिटिज की शिकायत थी, जबकि 69 साल की महिला को अन्य बीमारी थी। पुणे में अब तक संक्रमण से पांच लोगों की जान जा चुकी है।

महाराष्ट्र में अबतक 35 लोगों की मौत

इसे मिलाकर राज्य में संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या 35 पहुंच गई है। वहीं, प्रदेश में संक्रमण के 26 नए केस रविवार सुबह सामने आए। इनमें पुणे में 21, अहमदनगर में 3 और 2 केस औरंगाबाद के हैं। राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या 661 तक पहुंच गई है।

45 हजार कमरे सौंपने की पेशकश

राज्य में लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) समुद्र के बीच क्वारैंटाइन सेंटर बनाने पर विचार कर रही है। इसके लिए ‘जलेश’ क्रूज को इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें 1 हजार बेड की व्यवस्था है। वहीं दूसरी तरफ राज्य में होटल कारोबारियों के संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कोरोना से निपटने के लिए राज्य सरकार से 45 हजार कमरे सौंपने की पेशकश की है।

तीन दिनों में 15 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में शनिवार को संक्रमण से 6 मौतें हुईं। इसमें पांच मुंबई जबकि एक अमरावती में हुई थी। शुक्रवार को भी छह लोगों की मौत हुई थी। यानी अगर रविवार के मृतकों की संख्या भी जोड़ ली जाए तो पिछले तीन दिनों में राज्य में 15 लोगों की संक्रमण के चलते जान जा चुकी है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को लोगों को लोगों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने की अपील की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर लोग अनुशासन में नहीं रहेंगे और कोविड-19 के मामले बढ़े तो राज्य में सरकार 14 अप्रैल को लॉकडाउन नहीं हटाएगी।