CBI ने कैंब्रिज एनालिटिका के खिलाफ दर्ज किया केस, 5.62 लाख फेसबुक डाटा चोरी का है आरोप

केंद्रीय जांच ब्यूरो  ने शुक्रवार को 5.62 लाख भारतीय फेसबुक उपयोगकर्ताओं के व्यक्तिगत डाटा चोरी करने को लेकर ब्रिटेन स्थित राजनीतिक परामर्श फर्म कैंब्रिज एनालिटिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने इसी मामले में, देश से बाहर की एक अन्य कंपनी ग्लोबल साइंस रिसर्च (जीएसआरएल) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि फेसबुक-कैंब्रिज एनालिटिका डाटा चोरी मामले की सीबीआई जांच की जाएगी। सीबीआई को प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया कंपनी ने कहा था कि जीएसआरएल ने भारत में अवैध रूप से लगभग 5.62 लाख उपयोगकर्ताओं के व्यक्तिगत डाटा को एकत्र किया और इसे कैंब्रिज एनालिटिका के साथ साझा किया।

डेटा का इस्तेमाल भारत में चुनावों को प्रभावित करने का आरोप

CBI के मुताबिक, सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक ने कहा था कि GSRL ने भारत में गलत तरीके से करीब 5.62 लाख यूजर्स के पर्सनल डेटा को जुटाया। बाद में इसे कैंब्रिज एनालिटिका के साथ शेयर किया। कंपनी पर यह भी आरोप है कि इस डेटा का इस्तेमाल भारत में चुनावों को प्रभावित करने के लिए किया गया।

ऐप के जरिए 5.62 लाख भारतीयों के फेसबुक डेटा लिया

3 अप्रैल 2018 को कंपनी ने बताया था कि उसके पास भारतीयों का कोई फेसबुक डेटा नहीं है। इसके दो दिन बाद ही फेसबुक ने भारत सरकार को 5 अप्रैल 2018 को बताया कि कैंब्रिज एनालिटिका ने इंस्टॉल किए गए ऐप के जरिए करीब 5 लाख 62 हजार 455 भारतीयों के फेसबुक डेटा लिया है। अब इस मामले में केस दर्ज करने के बाद CBI ने जांच शुरू कर दी है।