पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा का हुआ स्वर्गवास

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और बीजेपी नेता नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा का निधन हो गया है। खबर है कि  पिछले कुछ अर्से से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। बतादें कि उनका इलाज  दिल्ली के आल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस में चल रहा था।

बीजेपी के विधायक रह चुके स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा की पत्नी मीरा सिन्हा थीं। गौरतलब है कि नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद उनके बेटे नितिन नवीन ने राजनीति में कदम रखा। नितिन नवीन पहले दीघा विधानसभा सीट से विधायक रहे और फिर बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। बीते साल विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें कैबिनेट में जगह दी गई है। नितिन नवीन जिस दिन मंत्री पद की शपथ ले रहे थे उस दिन भी उनकी मां मीरा सिन्हा की तबीयत खराब थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि मीरा सिन्हा जी बहुत ही नेक दिल और सरल हृदय महिला थीं और सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरूचि थी।