पंजाब: मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विवाह करने वाले पहले मुख्यमंत्री होंगे भगवंत मान, दूसरी बार चढ़ेंगे घोड़ी….!

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दूल्हा बनने जा रहे हैं। जी हां आपने सही सुना आज से पंजाब के मुख्यमंत्री के वैवाहिक जीवन की दूसरी पारी का शुरुआत होने जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार, सात जुलाई यानी आज पंजाब के चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर एक सादे समारोह में विवाह बंधन में बंधेंगे। 48 वर्षीय भगवंत मान पेशे से डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ सात फेरे लेने वाले हैं। विवाह के इस पवित्र बंधन के मौके पर उनके परिवार के सदस्यों के अलावा पार्टी के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अपने परिवार सहित मौजूद रहेंगे।

वर्ष 2015 में पहली पत्नी से हुआ था तलाक़….

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कि यह दूसरी शादी है।भगवंत मान का अपनी पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर से 2015 में तलाक हो गया था। जिसके बाद से यह दोनो एक दूसरे से दूर रहने लगे। उस विवाह से मान को एक बेटा दिलशान और बेटी सीरत हैं, जोकि अमेरिका में अपनी मां के साथ ही रहते हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विवाह करने वाले प्रथम मुख्यमंत्री होंगे भगवंत मान..

भगवंत मान मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विवाह करने वाले पंजाब के पहले सीएम होंगे। गुरप्रीत कौर से मुख्यमंत्री मान का रिश्ता उनकी माता और बहन ने कराया है। ‘आनंद कारज’ गुरुवार दोपहर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर होगा, जिसमें चंडीगढ़ सेक्टर-8 स्थित गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी लावां (फेरे) करवाएंगे। गौरतलब है कि सिख रीति रिवाज के अनुसार दूल्हा-दूल्हन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हाजिरी में चार लावां (फेरे) करते हुए विवाह बंधन में बंधते हैं।

साधारण तरीके से संपन्न किया जाएगा विवाह….
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की शादी उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर आज एक सादे समारोह में गुरप्रीत कौर के साथ संपन्न होने वाली है। इस चर्चित विवाह के तैयारियों का जिम्मा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवम् युवा कुशल नेता राघव चड्ढा को सौंपा गया है। इस समारोह में गिने चुने लोग और परिवार के खास लोग ही शामिल हो पाएंगे।

कौन है गुरप्रीत कौर…
पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री भगवंत मान की होने वाली पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर हरियाणा के पिहोवा की रहने वाली हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर पेशे से एक डॉक्टर हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर के पिता इंद्रजीत सिंह नत पिहोवा खंड के गांव मदनपुर के सरपंच भी रह चुके हैं। इस समय उनका परिवार मोहाली में रहता है जबकि गुरप्रीत कौर राजपुरा में रहती हैं। अपने परिवार में गुरप्रीत कौर की दो बहनें अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में बसी हैं। गुरप्रीत कौर के चाचा एडवोकेट गुरविंदर जीत सिंह नत ने पिछले महीने ही आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 1991 में पिहोवा विधानसभा से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा के भी नजदीकी रहे हैं। बाद में कांग्रेस छोड़कर वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।