बिहार में अनलॉक पर फैसला आज: सुबह 11 बजे मीटिंग के बाद आज CM नीतीश करेंगे घोषणा

बिहार में कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए लगाया गया लॉकडाउन का 4 मंगलवार को समाप्‍त हाे रहा है। माना जा रहा है कि चार चरणों के लॉकडाउन के बाद अब बिहार में अनलॉक-1 की शुरुआत होगी। 8 जून तक लॉकडाउन है। उसके बाद 9 जून से अनलॉक शुरू होगा। ये अनलॉक एक साथ नहीं होगा, धीरे-धीरे इसे खोला जाएगा। हालांकि, इसका आधिकारिक ऐलान मंगलवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।

सोमवार को CM नीतीश ने क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक की है। लेकिन अनलॉक की गाइडलाइन पर फैसला नहीं हो सका। मंगलवार सुबह 11 बजे फिर मीटिंग होगी, उस दौरान ही अनलॉक में दी जाने वाली छूट पर अंतिम मुहर लगेगी। इसके बाद दोपहर तक CM नीतीश कुमार अनलॉक की घोषणा करेंगे। अनलॉक के बाद भी हर जगह कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराना सुनिश्चित किया जाएगा। गौरतलब है कि अगला लॉकडाउन कब तक लागू रहेगा, इस बाबत मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा का कल से ही इंतजार किया जा रहा है। राज्य सरकार की कोशिश है कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रण में रखते हुए धीरे-धीरे बाजार को पटरी पर लाने की कोशिश की जाए।

धीरे धीरे होगा पूरा अनलॉक

बिहार सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक, अनलॉक अचानक एक बार में नहीं किया जाएगा। स्‍कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। नामांकन को लेकर शिक्षण संस्थानों को सीमित छूट दी जा सकती है। व्यापारियों और दुकानदारों के लिए कुछ नियम बनाए जाएंगे, जिसके सहारे वे काम कर सकें। दुकानों को ज्यादा समय तक खोलने की इजाजत दी जा सकती है। समारोह और आयोजन पर रोक लगी रहेगी।

शादी और श्राद्ध में कुछ संख्या बढ़ाई जा सकती है। पार्क और मैदान बंद रहेंगे। नाइट कर्फ्यू लगाई जाएगी। इस अनलॉक को एक सीमित समय के लिए लगाया जाएगा। वहीं, कोरोना पर और कंट्रोल हुआ तो अनलॉक-2 में कुछ और छूट दी जाएगी।

लॉकडाउन की वजह से कम हुए मामले

मंत्रियों-अधिकारियों का स्पष्ट मानना है कि लॉकडाउन की वजह से ही बिहार में कोरोना पर कंट्रोल पाया जा सका है। इसलिए अनलॉक में भी कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। बिहार में रविवार को 920 तो शनिवार को नए मामलों की संख्या 1007 रही है। पटना में बीते दो दिनों में 87 और 71 नए मामले आए हैं। रविवार तक एक्टिव मामलों की संख्या 8707 हो गई है।

बिहार में तेजी से घटते मामलों को लेकर बड़ी राहत है। एक्सपर्ट का कहना है कि लॉकडाउन के कारण सोशल डिस्टेंस मेंटेन हुआ और इस कारण ही मामलों में लगातार कमी आ रही है। बिहार के सभी 38 जिलों में नए मामले अंडर 100 हैं, सिर्फ 5 जिलों में नए मामले 50 से ऊपर हैं।

सूत्र बताते हैं कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन समूह की बैठक के पहले जिलाधिकारियों (DMs) से कोरोना संक्रमण के हालात का फीडबैक लिया था। इसमें जिलाधिकारियों ने संक्रमण पर नियंत्रण रखते हुए रियायतें देने की बात कही।