राज्यसभा में तीन नए आपराधिक विधेयक पेश, CEC विधेयक को लोकसभा से मिली मंजूरी

मोदी सरकार आज तीन नए क्रिमिनल बिल भी राज्यसभा में पेश करेगी। इसमें अंग्रेजों के समय का राजद्रोह कानून खत्म किया गया है। नाबालिग से रेप और मॉब लिंचिंग जैसे क्राइम में फांसी की सजा दी जाएगी।

 

इसे राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेज जाएगा

वहीं राज्यसभा में टेलीकम्युनिकेशन बिल 2023 पास हो गया। इस बिल को लोकसभा में 20 दिसंबर को पास किया गया था। अब इसे राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेज जाएगा। राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद यह बिल कानून बन जाएगा। इस बिल में फर्जी सिम लेने पर 3 साल जेल और 50 लाख तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

सीईसी बिल को मंजूरी

लोकसभा ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयुक्तों (ECs) की नियुक्ति, सेवा शर्तों को विनियमित करने वाले बिल को मंजूरी दे दी है। राज्यसभा से यह बिल 12 दिसंबर को पास हुआ था। इसे चुनाव आयोग (चुनाव आयुक्तों की सेवा की शर्तें और कामकाज का संचालन) अधिनियम, 1991 की जगह लाया गया है।

भाजपा ने आज दिल्ली में जंतर मंतर पर दिया धरना

राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ का मजाक बनाने और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा इसका वीडियो बनाने के खिलाफ भाजपा ने आज दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना दिया। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने कहा कि ‘विपक्ष ने लोकतंत्र का अपमान किया है। उपराष्ट्रपति की नकल ही नहीं उतारी गई है बल्कि उनका मजाक उड़ाया गया है। यह जाट समुदाय के बेटे का अपमान है, किसान के बेटे का अपमान है और उपराष्ट्रपति का अपमान है। ऐसे में भाजपा इसका विरोध क्यों नहीं करेगी?’ भाजपा राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग कर रही है।

भाजपा निचले स्तर की राजनीति कर रही 

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने विपक्ष के प्रदर्शन पर कहा कि ‘जब जाट किसान गाजीपुर में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और भाजपा सरकार पुलिस से लाठी इस्तेमाल करने को कह रही थी, तब किसानों या जाटों का अपमान नहीं हुआ था। जब महिला पहलवान, जो कि जाट समुदाय से ताल्लुक रखती हैं, वह यौन शोषण के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहीं थी तब भी जाटों का अपमान नहीं हुआ था। जब स्पीकर मीरा कुमार का मजाक बनाया गया तब यह नहीं कहा गया कि यह दलितों का अपमान है। भाजपा निचले स्तर की राजनीति कर रही है और अपनी कमजोरी को छिपा रही है। यह हमारे इतिहास पर धब्बा है।’