देशभर में किसानों का चक्का जाम, सड़कों पर बैठे किसान, टिकैत बोले- शांति से हो रहा है चक्का जाम

कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर पिछले दो महीने से अधिक समय से किसान प्रदर्शनकर रहे हैं. किसान आंदोलन को और धार देने संगठनों ने आज देशव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है. किसानों के इस चक्का जाम को कांग्रेस समेत कई पार्टियों का समर्थन प्राप्त है

जम्मू-पठानकोट हाईवे पर चक्का जाम किया

किसान संगठनों द्वारा आज देशभर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम के आह्वान पर किसानों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे पर चक्का जाम किया वहीं चक्का जाम के आह्वान पर किसानों ने शाहजहांपुर (राजस्थान-हरियाणा) बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया

बंगलूरू में किसानों द्वारा बुलाए गए देशव्यापी चक्का जाम के तहत लहंका पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया

कृषि कानूनों का विरोध करते हुए सड़कों पर आएं-दिग्विजय

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे कृषि कानूनों का विरोध करते हुए सड़कों पर आएं और आज दोपहर 12 से 3 बजे के बीच ‘धरना’ में शामिल हों

तीनों कृषि कानून राष्ट्र के लिए घातक- राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान संगठनों की ओर से आहूत ‘चक्का जाम’ का समर्थन करते हुए शनिवार को कहा कि अन्नदाताओं का सत्याग्रह देश हित में है और तीनों कृषि कानून राष्ट्र के लिए घातक हैं. उन्होंने ट्वीट किया कि अन्नदाता का शांतिपूर्ण सत्याग्रह देशहित में है – ये तीन क़ानून सिर्फ़ किसान-मज़दूर के लिए ही नहीं, जनता व देश के लिए भी घातक हैं। पूर्ण समर्थन!