मौसम विभाग ने जारी की 16 मई तक चक्रवाती तूफान की चेतावनी..

भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव हो रहा है। साथही मौसम में हो रहे लगातार परिवर्तन के बीच प्री-मानसून की गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। पिछले दो-तीन दिनों से कई राज्यों धूल भरी तेज हवाओं ने इस बात का संकेत भी दिया हैं। दिन में तेज गर्मी और रात को अचानक मौसम में बदलाव होने की खबरें सामने आ रही हैं।  भारतीय मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों इसी तरह धूल भरी आंधी चलेगी एवं करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश का भी अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र व दक्षिण अंडमान सागर पर बुधवार सुबह निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। अनुमान है कि 16 मई तक शाम एक चक्रवाती तूफान तैयार हो सकता है।

कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी

आईएमडी ने बताया कि इस वक्त उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है। मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इसका असर पर्वतीय इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बना हुआ है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें मौसम खराब होने की चेतावनी दी जाती है। साथ ही चेतावनी दी है कि लोग घरों से निकलते समय सावधानी बरतें।

 तेज हवाओं के साथ हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को एक बार फिर सक्रिय होगा। इससे बीते रविवार की तरह आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं, 70 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलेंगी। इस दौरान हल्की बारिश होने की भी संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है।

उधर, रविवार को आई आंधी के बाद जिस तरह से तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी, उससे बीते दो दिन में इसमें ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे बुधवार की आंधी व बारिश के दौरान तापमान में बड़ा फेरबदल नहीं होगा। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार की आंधी और बारिश के चलते तापमान में कोई बड़ा फेरबदल नहीं होगा। अधिकतम 34 तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

बंगाल में 7 जून को दस्तक देगा मानसून

बंगाल में इस साल मानसून 7 जून को दस्तक दे सकता है, यानी पूर्व अनुमानित समय से दो दिन पहले। मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी बादलों के उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में पहले 9 जून को पहुंचने की बात थी, लेकिन अब 7 जून से बारिश शुरू हो सकती है। इसी तरह सिलीगुड़ी में भी 9 जून से मानसून की बारिश शुरू होने का अनुमान था, लेकिन नए अनुमान के मुताबिक यह अब एक दिन पहले यानी 8 जून है। हालांकि कोलकाता पहुंचने में मानसूनी बादलों को इस साल एक दिन का विलंब हो सकता है। पहले मानसूनी बादलों के 10 जून को कोलकाता पहुंचने का अनुमान था, जो अब 11 जून बताया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवाएं अगले शनिवार को अंडमान निकोबार में प्रवेश कर सकती हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओड़िशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून में 3-7 दिन का विलंब हो सकता है। नई दिल्ली में बारिश सामान्य तौर पर 23 जून को दस्तक देती थी। इस साल इसकी तारीख 28 जून बताई जा रही है।