जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का यह कहा है कि बीजेपी एक कठपुतली है जिसे आरएसएस चलाती है………

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि बीजेपी कठपुतली है जिसे आरएसएस चला रही है। वह प्रदेश जदयू द्वारा सभी जिला मुख्यालयों पर ‘आरक्षण विरोधी भाजपा का पोल खोल’ कर कार्यक्रम के तहत पटना के गांधी मैदान में आयोजित धरना को संबोधित कर रहे थे। गांधी मैदान स्थित बापू की मूर्ति के निकट धरना दिया गया। ललन सिंह ने धरनास्थल पर आयोजित सभा में कहा कि भाजपा का चेहरा दिखाने वाला व असल में कुछ और है। आरोप लगाया कि भाजपा कठपुतली है, जिसे आरएसएस हिलाती और चलाती है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में प्रदेश की सेवा का अवसर जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिला तो उन्होंने तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाकर पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में अति पिछड़े वर्ग के लोगों तथा सभी वर्ग की महिलाओं को आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि देश अभूतपूर्व महंगाई के दौर से गुजर रहा है और केंद्र खाद्य पदार्थ पर जीएसटी लगा रहा है। बेरोजगारी और महंगाई पर कोई चर्चा नहीं कर रहा। आज अगर लोकनायक जीवित होते तो इन के खिलाफ आंदोलन करते।

जदयू अध्यक्ष ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अतिपछड़ा वर्ग को राज्य में सशक्त किया है। उन्होंने बीजेपी से कहा है कि उनके रहते इस वर्ग की चिंता छोड़ दीजिए। वह चिंता नीतीश कुमार को करने दें। आपकी चिंता यह है कि आप अतिपछड़ा के एक-एक टोले में जाकर कहिए कि भाजपा उनके आरक्षण को खत्म करने का षड्यंत्र कर रही है। वहीं, नीतीश कुमार अतिपछड़ों की रक्षा में खड़े हैं। बिहार में कोई बिना आरक्षण के निकाय चुनाव नहीं करा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि निकाय चुनाव को कोर्ट द्वारा स्थगित किये जाने को लेकर भाजपा भ्रम फैलाने में लगी है। सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा के लोग बौखला गए हैं। हम लोग भाजपा के कुप्रचार का मुंहतोड़ जवाब देंगे। पटना जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक अरुण मांझी की अध्यक्षता में हुए धरना का संचालन पटना महानगर अध्यक्ष रवींद्र कुमार पटेल ने किया। धरना में संजय कुमार सिंह ‘गांधी’, चंदन कुमार सिंह, लोकप्रकाश सिंह, मनीष कुमार, वासुदेव कुशवाहा,रणवीर नंदन, परिमल कुमार, विनीता स्टैफी पासवान, श्वेता विश्वास, कमल नोपानी, डॉ. अमरदीप, दिव्यांशु भारद्वाज, नीतीश पटेल, राम प्रवेश सिंह आदि मौजूद थे। रंजित कुमार, चंदन पटेल, धर्मेन्द्र मौर्य, गौरव कुशवाहा, मुकेश सिंह, एसके सुमन, बंटी चंद्रवंशी, अनंत अरोड़ा आदि शामिल थे।