बिहार: नीतीश कुमार की सुरक्षा में किया गया बड़ा बदलाव, 50 नए अफसरों और जवानों की हुई नियुक्ति।

बिहार के मुखिया नीतीश कुमार की सुरक्षा में लगातार दो बार चूक के बाद अब उनकी सुरक्षा को ज्यादा मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। मिल रही ताजा जानकारी के अनुसार सीएम को सुरक्षा देने वाली स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) को औऱ ज्यादा मजबूती प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री के सुरक्षा में 50 नए अफसरों और जवानों की नियुक्ति की जा रही है। स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप में शामिल होने वाले नए अधिकारी और जवानों का चयन स्क्रीनिंग कमेटी के द्वारा किया गया है। SSG में जो नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, उनमें तीन इंस्पेक्टर रैंक, 11 एसआई रैंक और 20 एएसआई रैंक के अधिकारी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीते दिनों सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा में दो बार चूक हो चुकी है। इसके बाद अब उनकी सुरक्षा को नए तरीके से चाक-चौबंद करने की व्यवस्था की गई है। पहली बार बख्तियारपुर में अस्पताल परिसर में एक युवक नीतीश कुमार की सुरक्षा को चकमा देते हुए उनके पार पहुंच गया था और उन्हें पीछे से मुक्का भी मार दिया था। इसके बाद नीतीश कुमार के आसपास खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दो दिन पहले नालंदा में भी एक जन संवाद कार्यक्रम के दौरान एक युवक नीतीश कुमार के बेहद करीब पहुंच गया और उनके पास ही एक पटाखा फोड़ दिया जो उनकी सुरक्षा में दूसरी बड़ी चूक थी।

नीतीश कुमार के लिए नजर आई चिराग की हमदर्दी।


घटना के बाद LJP (R) सुप्रीमो चिराग पासवान ने सीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा था कि प्रदेश के मुखिया की सुरक्षा में बार-बार चूक होना गंभीर विषय है। इसकी जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। इससे पहले कुछ दिन पहले बख्तियारपुर में भी सीएम नीतीश पर हमला हुआ था। चिराग ने ट्वीट कर कहा कि नालंदा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की सभा में हुई बम विस्फोट की घटना अत्यंत चिंता का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि ये दूसरी बार है जब नीतीश कुमार जी की सुरक्षा में चूक हुई है। मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्यमंत्री स्वस्थ और सुरक्षित होंगे। प्रदेश की मुखिया की सुरक्षा मे बार-बार चूक होना गंभीर विषय है। मुख्यमंत्री जी को जल्द मामले की जांच करवा कर लगातार हो रहे हमलों के पीछे की वजह का पता लगाना चाहिए।