राहुल गांधी ने किसानों से की बात, कहा-पहले ईस्ट इंडिया कंपनी थी, देश में अब वेस्ट इंडिया कंपनी है

मोदी सरकार द्वारा तीन कृषि कानून लाये जाने के बाद विपक्ष इस मुद्दे को काफी तूल दिये हुए है। इसे लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को किसानो से बात की। उन्होंने किसानों से कृषि कानून को लेकर चर्चा की। उन्होंने इस कानून को अंग्रेजों का कानून बताया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित सभी राज्यों से केंद्र के किसान विरोधी विधान को नकारने वाले कानून पारित करने को कहा है।

कई राज्यों में प्रदर्शन जारी

किसान मजदूर संघर्ष समिति रेल रोको प्रदर्शन करेगी। पंजाब के जालंधर, अमृतसर, टांडा, मुकेरियां और फिरोजपुर में 24 सितंबर से प्रदर्शनकारी रेल की पटरियों पर बैठ हुए हैं। इसके अलावा कांग्रेस की योजना गांधी जयंती के मौके पर बड़ा प्रदर्शन करने की है। वहीं डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी कानून के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

पहले पैर में अब दिल में मारी कुल्हाड़ी-राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे किसानों से बात की। कानून का विरोध करते हुए राहुल ने इसे अंग्रेजों का कानून करार दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से लड़ाई के लिए महात्मा गांधी ने कई आंदोलन किए, आज महात्मा गांधी जिंदा होते तो इस कानून का विरोध करते। कांग्रेस नेता ने कहा कि तीन कृषि किसान और नोटबंदी-जीएसटी में कोई फर्क नहीं है। पहले पैर में कुल्हाड़ी मारी और अब दिल में चोट की। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि इन्हें ये बात समझ नहीं आएगी ये लोग तो अंग्रेजों के साथ खड़े थे।